बारुईपुर, 22 अक्टूबर। दक्षिण 24 परगना जिला अंतर्गत बारुईपुर के हरिहरपुर स्थित ईडन मेघबालिका आवासीय परिसर में हर वर्ष की भांति इस बार भी धार्मिक श्रद्धा और परंपरागत उल्लास के साथ दुर्गापूजा का आयोजन संपन्न हुआ। मां दुर्गा की आराधना के साथ सोसाइटी में कई सांस्कृतिक एवं मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित किए गए। म्यूजिकल चेयर, अंताक्षरी, नृत्य-संगीत, नाट्य प्रस्तुतियों, ओपन क्विज और मैजिक शो ने उत्सव को यादगार बनाया। धार्मिक परंपराओं के निर्वहन के साथ इन कार्यक्रमों के आयोजन से निवासियों को एक साथ मिलकर त्योहार मनाने का अवसर मिला।
दुर्गोत्सव के दौरान पूजा-अर्चना के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की विशेष व्यवस्था की गई थी। गत 17 अक्टूबर को महिलाओं के लिए म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता आयोजित हुई। 18 अक्टूबर को आरजे अंकिता साहा के संचालन में अंताक्षरी प्रतियोगिता हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने संगीत से जुड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। 19 अक्टूबर को आयोजित ओपन क्विज प्रतियोगिता में निवासियों को अपनी सामान्य ज्ञान संबंधी जानकारी परखने का अवसर मिला। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में नृत्य, एकल गायन, बंगाली गीत एवं कविता, हास्य नाटक और ऑडियो ड्रामा जैसी प्रस्तुतियां भी शामिल रहीं। विभिन्न प्रस्तुतियों ने उत्सव के माहौल को जीवंत बनाए रखा। वहीं, 20 अक्टूबर को कार्यक्रम का विशेष आकर्षण जादूगर ए. कुमार का मैजिक शो रहा। इसी दिन प्रतिभागियों और विजेताओं को स्मृति चिह्न प्रदान किया गया।
पूरे आयोजन में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक अभिव्यक्ति और सामुदायिक सहभागिता का समन्वय देखने को मिला। दुर्गापूजा के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों ने ईडन मेघबालिका के निवासियों को उत्सव की खुशियां साझा करने और आपसी सौहार्द को मजबूत करने का अवसर प्रदान किया। —
