kkk

कोलकाता , 22 अक्टूबर ।

पश्चिम बंगाल के दत्तपुकुर में यशोर रोड पर बुधवार की देर रात विस्फोटक जैसी संदिग्ध सामग्री मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। बुधवार दोपहर के बाद सफेद रंग की एक कार (नंबर WB26BO1786) सड़क किनारे खड़ी मिली। कार को संदिग्ध अवस्था में देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन को घेर लिया और जांच शुरू की। मामले में देर रात पुलिस ने जांच अभियान के दौरान एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है।

घटना की सूचना मिलने के बाद बारासात जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनजर केंद्रीय बलों की तैनाती की गई। इसके साथ ही बम निरोधक दस्ते और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। शुरुआती जानकारी के अनुसार, कार के भीतर तरल रासायनिक पदार्थ होने की आशंका जताई गई थी। इसके बाद संदिग्ध सामग्री की जांच की गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, दत्तपुकुर थाने में इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वाहन से विस्फोटक जैसी दिखने वाली सामग्री मिलने की बात सामने आई है, लेकिन शुरुआती जांच में इसे किसी शक्तिशाली विस्फोटक के रूप में नहीं पाया गया। पुलिस सूत्रों का यह भी कहना है कि संदिग्ध सामग्री लाने वाले लोग कारोबार के सिलसिले में बांग्लादेश गए थे। फिलहाल किसी संदिग्ध गतिविधि या आपत्तिजनक लेन-देन के प्रमाण नहीं मिले हैं।

प्रारंभिक जांच के लिए एनएसजी और एनआईए के अधिकारियों ने घघटनास्थलपर जाकर छानबीन की। हालांकि, मामले की जांच जारी है और संदिग्ध सामग्री की वास्तविक प्रकृति तथा उसे वाहन में रखने के उद्देश्य का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।