राज्य की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना
देवघर, 19 अप्रैल। झारखंड के प्रसिद्ध तीर्थस्थल बाबा बैद्यनाथ धाम में रविवार को विशेष धार्मिक माहौल के बीच देश-प्रदेश के कई गणमान्य लोगों ने पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया।
मुख्य न्यायाधीश ने परिवार संग किया जलाभिषेक
महेश शरदचंद्र सोनक, मुख्य न्यायाधीश, झारखंड उच्च न्यायालय ने अपने परिवार के साथ बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंचकर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। तीर्थ पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उनका संकल्प कराया, जिसके बाद उन्होंने द्वादश ज्योतिर्लिंग स्वरूप भगवान शिव का जलाभिषेक किया।
पूजा के उपरांत मंदिर प्रशासन की ओर से उन्हें अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह और प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मंदिर प्रभारी सह अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार भी मौजूद रहे।

विधानसभा अध्यक्ष ने मांगी राज्य की खुशहाली
वहीं, झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रविंद्रनाथ महतो भी अहले सुबह बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचे। उन्होंने वैदिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि बाबा बैद्यनाथ की कृपा से झारखंड में शांति, खुशहाली और विकास बना रहे, यही उनकी प्रार्थना है। उन्होंने प्रदेशवासियों के जीवन में सुख-समृद्धि की कामना की।
धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र
बाबा बैद्यनाथ धाम देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक माना जाता है और यहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। विशेष अवसरों पर यहां श्रद्धालुओं और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति से धार्मिक वातावरण और भी उल्लासपूर्ण हो जाता है।
