shub

दक्षिण 24 परगना, 24 नवंबर । पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस सरकार पर “असीमित चोरी, भ्रष्टाचार, हत्या, बलात्कार, महिला उत्पीड़न और एसआईआर को लेकर लगातार झूठ फैलाने” के आरोपों के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को मथुरापुर संगठनात्मक जिले में ‘परिवर्तन संकल्प यात्रा’ निकाली। इस यात्रा का नेतृत्व विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने किया।

यात्रा के दौरान विशाल भीड़ को संबोधित करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बद से बदतर हो चुकी है। तृणमूल सरकार ने “भ्रष्टाचार और अत्याचार को सरकारी नीति का रूप दे दिया है।” उन्होंने दावा किया कि एसआईआर को लेकर लोगों को जानबूझकर भ्रमित किया जा रहा है और ममता सरकार “जन-भावनाओं से खिलवाड़ कर रही है।”

शुभेंदु अधिकारी ने कहा, “पश्चिम बंगाल की जनता अब बदलाव के लिए तैयार है। मथुरापुर से उठी यह परिवर्तन की आवाज पूरे राज्य में गूंजेगी।” उन्होंने तृणमूल पर “कट-मनी, भर्ती घोटाले, पंचायत स्तर से लेकर मंत्रालयों तक फैले व्यापक भ्रष्टाचार, महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध और विपक्षी कार्यकर्ताओं पर हमलों” का भी आरोप लगाया।

‘परिवर्तन संकल्प यात्रा’ में भारी संख्या में भाजपा समर्थक, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। यात्रा मथुरापुर के विभिन्न इलाकों से गुजरते हुए मंदिरबाजार में एक बड़े जनसभास्थल पर जाकर समाप्त हुई।

भाजपा नेताओं का कहना है कि आने वाले दिनों में इसी तरह की यात्राऐं जिले-दर-जिले आयोजित की जायेंगी, ताकि “जनता तक राज्य सरकार की विफलताओं और भाजपा के परिवर्तन संदेश” को पहुंचाया जा सके।