mj

कूचबिहार, 19 अगस्त । एमजेएन मेडिकल कॉलेज व अस्पताल परिसर में स्थित सरकारी फेयर प्राइस दवा दुकान में निर्धारित कीमत से अधिक पैसे लेने और सही बिल नहीं देने के आरोप पर बुधवार को हंगामा हो गया। मरीजों और उनके परिजनों ने दुकान के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

एक ग्राहक ने आरोप लगाया कि 85 रुपये की दवा के लिए उससे 160 रुपये लिए गए और बिल भी नहीं दिया गया। हंगामे के बाद दुकान बंद कर दी गई और कोतवाली थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।दुकान प्रबंधन ने भ्रष्टाचार के आरोपों को खारिज करते हुए इसे एक कर्मचारी की हिसाब संबंधी गलती बताया। प्रबंधन के अनुसार, अतिरिक्त राशि ग्राहक को वापस कर दी गई और बिल भी दिया गया है।

अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक सह उप-प्राचार्य (एमएसवीपी) सौरदीप राय ने कहा कि वह फिलहाल जिले से बाहर सरकारी कार्य में हैं और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। सरकारी फेयर प्राइस दवा दुकानों में मरीजों को कम कीमत पर दवाएं उपलब्ध कराने का प्रावधान है, ऐसे में घटना ने निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।