कूचबिहार, 3 जनवरी । भारतीय जनता पार्टी के नेता और बॉलीवुड के जाने माने अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती के प्रति एक महिला प्रशंसक का भावनात्मक व्यवहार चर्चा का विषय बन गया है। मिथुन की खराब सेहत को देखते हुए कूचबिहार निवासी मामनी सरकार ने अभिनेता को फल खाने के लिए हजार रुपये भेंट किए।
शुक्रवार को कूचबिहार के पुराने पोस्ट ऑफिस पाड़ा मैदान में आयोजित जनसभा में मिथुन चक्रवर्ती शामिल हुए थे। इसी दौरान मामनी सरकार एक हजार रुपये लेकर वहां पहुंची थी, लेकिन भीड़ के कारण वे मिथुन चक्रवर्ती तक नहीं पहुंच सकीं। बाद में कार्यकर्ताओं के माध्यम से यह बात मिथुन चक्रवर्ती तक पहुंची। शनिवार सुबह मिथुन ने पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि उस महिला को ढूंढ कर उनके पास लाया जाए। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने मामनी सरकार को खोज निकाला और उन्हें एक होटल में मिथुन चक्रवर्ती के पास ले जाया गया। मिथुन ने खुद मामनी के हाथ से हजार रुपये का उपहार स्वीकार किया।
इस मौके पर मिथुन चक्रवर्ती ने कहा कि मुझे जानकारी मिली कि एक महिला काफी देर तक खड़ी रही। वह मुझे फल खाने के लिए पैसे देना चाहती थी। यह सुनकर मैंने उन्हें बुलवाया। यह मेरे लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। रुपयों के साथ-साथ मामनी सरकार ने मिथुन चक्रवर्ती को बाल कृष्ण की एक मूर्ति भी उपहार में दी।
मामनी सरकार जिलाधिकारी कार्यालय की कर्मचारी हैं। उन्होंने बताया कि टीवी और मोबाइल पर देखा कि अभिनेता की सेहत कुछ खराब है। यह देखकर अच्छा नहीं लगा। इससे पहले भी मैं मिथुन चक्रवर्ती से मिल चुकी हूं, आज फिर मिलकर अच्छा लगा। इस घटना को लेकर इलाके में काफी चर्चा हो रही है और लोग इसे एक प्रशंसक की सच्ची भावना और कलाकार के प्रति आत्मीय लगाव के रूप में देख रहे हैं।
