70 मरीजों को चश्मे की जरूरत, 20 में मोतियाबिंद मिला
कोलकाता , 13 सितंबर। मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी कोलकाता की ओर से रविवार को उत्तर 24 परगना के श्यामनगर में तपोसिली आदिवासी संगठन के सहयोग से नि:शुल्क नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में करीब 240 मरीजों की जांच की गई।
शिविर में आए सभी मरीजों की ब्लड शुगर, ब्लडप्रेशर एवं सामान्य स्वास्थ्य जांच की गई। मरीजों को नि:शुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।
नेत्र परीक्षण के दौरान 70 मरीजों की नजर कमजोर पाई गई , इन मरीजों को निशुल्क चश्मे उपलब्ध करवाए जाएंगे। 20 मरीजों में मोतियाबिंद की पहचान हुई। इनके ऑपरेशन मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्पताल में निशुल्क किए जाएंगे।
कैंप कोऑर्डिनेटर अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी के मानद प्रधान सचिव प्रहलाद राय गोयनका की प्रेरणा से आयोजित शिविर को सफल बनाने में चिकित्सक डॉ. मलय दास और डॉ. शंकर मंडल का योगदान महत्वपूर्ण रहा।
अजय दिवाकर ने बताया कि जरूरतमंद लोगों को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सोसायटी की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे निशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर पूरे साल आयोजित किए जाते हैं।
मेडिक्लेम बीमा धारकों के इलाज की सुविधा उपलब्ध
अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी में मेडिक्लेम बीमा धारकों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध है। सोसायटी के अस्पताल में आम नागरिकों को न्यूनतम शुल्क पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। यहां जनरल वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों से बैड का एक दिन का किराया मात्र 50 रुपए लिया जाता है।
अस्पताल में मौजूद होम्योपैथिक चिकित्सक मात्र 20 रुपए में परामर्श देते हैं और दवा नि:शुल्क देते हैं। यहां चिकित्सक से परामर्श मात्र 120 रुपए में लिया जा सकता है। परामर्श के साथ दवाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती है। अस्पताल में जेनेरिक दवाएं 60 प्रतिशत डिस्काउंट पर दी जाती हैं।
नि:शुल्क सर्वाइकल वैक्सीन
सोसायटी ने सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए 9 से 45 साल तक की महिलाओं को सर्वाइकल वैक्सीन नि:शुल्क देने का अभियान शुरू किया है।
