oplus_134217728

oplus_134217728

रामगढ़, 16 मार्च । रामगढ़ के सिरका परियोजना क्षेत्र में कोयला तस्करों की दबंगई एक बार फिर सामने आई है। रविवार देर रात खदान में कोयला चोरी करने पहुंचे तस्करों को रोकना वहां तैनात सुरक्षाकर्मी को भारी पड़ गया। करीब 40–50 की संख्या में आए महिला और पुरुषों ने खदान की सुरक्षा में तैनात होमगार्ड जवान की जमकर पिटाई कर दी और बाइक पर कोयला लादकर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार सिरका परियोजना की खदान में रविवार देर रात चार सुरक्षाकर्मी ड्यूटी पर तैनात थे। इनमें से कुछ सुरक्षाकर्मी बैरियर पर थे, जबकि कुछ खदान के अंदर निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान लगभग 40–50 की संख्या में महिला और पुरुष खदान परिसर में घुस आए। उनके साथ कुछ लोग बाइक पर भी सवार थे और सभी कोयला चोरी के इरादे से खदान में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे।

खदान में तैनात होमगार्ड जवान सुशील कुमार राम ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो सभी लोग एकजुट होकर उनके खिलाफ आक्रामक हो गए। आरोप है कि तस्करों ने जवान को घेर लिया और उनके ही डंडे से उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी। इतना ही नहीं, कोयला चोरों ने पत्थरबाजी भी की, जिससे जवान को चोटें आई हैं।

घटना के बाद तस्कर बाइक पर कोयला लादकर मौके से फरार हो गए। घायल होमगार्ड जवान सुशील कुमार राम सोमवार को रामगढ़ थाना पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी।

इस संबंध में रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने बताया कि होमगार्ड जवान के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पीड़ित ने कुछ आरोपितों के नाम और पते भी बताए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।–