कोलकाता, 14 अक्टूबर। पश्चिम बंगाल में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हल्दिया में छह हजार करोड़ रुपये के निवेश से नया फिनोल और एसीटोन प्लांट स्थापित किया गया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को चतुर्थी के अवसर पर इस प्लांट का उद्घाटन किया। इसका निर्माण हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी एडपर्मा प्राइवेट लिमिटेड ने किया है।
उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ राज्य के उद्योग मंत्री तापस रॉय, परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह और मुख्य सचिव मनोज कुमार अग्रवाल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। हल्दिया पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने प्लांट का दौरा किया और परिसर में स्थित मंदिर में आरती की। इसके बाद उन्होंने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर प्लांट का उद्घाटन किया।
इस परियोजना से हल्दिया में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। इससे क्षेत्र में छोटे-बड़े सहायक उद्योगों के विकास को भी बढ़ावा मिल सकता है। हल्दिया को एक बार फिर औद्योगिक निवेश और रोजगार के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि राज्य में औद्योगिक विकास की इस लहर को अब कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में पश्चिम बंगाल तेजी से आगे बढ़ेगा और आने वाले दिनों में राज्य में और अधिक औद्योगिक निवेश आएगा।
नई परियोजना के तहत प्रतिवर्ष तीन लाख पैंतालीस हजार टन फिनोल और दो लाख पंद्रह हजार टन एसीटोन के उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है। प्लांट के चालू होने से हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स की उत्पादन क्षमता बढ़ेगी। साथ ही, इन रसायनों की आपूर्ति के लिए राज्य और देश के दूसरे क्षेत्रों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।
इस परियोजना से पश्चिम बंगाल में रासायनिक उद्योग को मजबूती मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा, पूर्वी भारत में रासायनिक उत्पादों की उपलब्धता बढ़ेगी और आयात पर निर्भरता कम करने में भी मदद मिल सकती है। प्लांट के आसपास सहायक उद्योगों के विकसित होने से औद्योगिक गतिविधियों को और गति मिलने की संभावना है।
