सिलीगुड़ी, 14 अक्टूबर। उत्तर बंगाल के आईजी सुकेश कुमार जैन ने बुधवार को खोरीबाड़ी के रानीगंज पुलिस चौकी परिसर में नवनिर्मित पुलिस बैरक का उद्घाटन किया। इस दौरान जिला पुलिस की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उद्घाटन के बाद आईजी ने दूरबीन की मदद से वॉच टावर से भारत-नेपाल सीमा का निरीक्षण किया। इस दौरान दार्जिलिंग रेंज की डीआईजी जयिता बोस और जिला पुलिस अधीक्षक श्रीकांत जगन्नाथ राव भी मौजूद रहे। बाद में उन्होंने एसएसबी की आईजी वंदना सक्सेना के साथ बैठक की। बैठक के बाद उन्होंने इमिग्रेशन चेकपोस्ट और सीमावर्ती इलाकों का भी जायजा लिया।
आईजी ने बताया कि बैठक में सीमा सुरक्षा मजबूत करने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने को लेकर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि सिलीगुड़ी कॉरिडोर एक संवेदनशील क्षेत्र है। भारत-बांग्लादेश, भारत-भूटान और भारत-नेपाल सीमाओं पर निगरानी रखी जा रही है।
उन्होंने आगे बताया कि दुर्गापूजा के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। पुलिस बल की संख्या बढ़ाने के साथ पूजा पंडालों और यातायात व्यवस्था पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस पूरी तरह सतर्क है। मुख्यमंत्री के पहल पर पुलिस को चारपहिया वाहन और बाइक उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे विभिन्न इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने में मदद मिलेगी।
