
आसनसोल, 07 फ़रवरी।
आसनसोल नगर निगम के सफाई कर्मियों की हड़ताल को लेकर शनिवार भाजपा जिला पार्टी कार्यालय उत्तर धधका में भाजपा जिलाध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य और भाजपा के प्रदेश स्तर के नेता कृष्णेन्दु मुखर्जी ने संवाददाता सम्मेलन किया। इस मौके पर कृष्णेन्दु मुखर्जी ने सफाई कर्मचारियों के इस हड़ताल के लिए तृणमूल कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी को जिम्मेदार ठहराया।
उन्होंने कहा कि शहर में मंत्री और मेयर के गुटों की आपसी अहंकार की लड़ाई की वजह से नगर निगम क्षेत्र के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। नौबत ऐसी आ गई है कि शहर में जगह-जगह गंदगी के अंबार लगे हुए हैं और कोई बड़ी बीमारी फैल सकती है। एयर कंडीशन कार्यालयों मैं बैठने वाले और गाड़ियों में घूमने वाले आसनसोल नगर निगम के पदाधिकारीयों और तृणमूल नेताओं को जनता की परेशानियों से कोई लेना-देना नहीं है। इसलिए एक सप्ताह बीतने के बावजूद नगर निगम की तरफ से हड़ताल को समाप्त करने की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है।
आसनसोल उत्तर थाना अंतर्गत एक निजी अस्पताल में एक छोटी बच्ची की इलाज के दौरान मौत के मुद्दे पर कृष्णेन्दु मुखर्जी ने कहा कि हम सब जानते हैं कि उस अस्पताल को लेकर विवाद कोई नया नहीं है। जब से वह अस्पताल बन रहा था। तभी से उसके साथ विवाद जुड़े हुए हैं। उस अस्पताल में तृणमूल नेताओं द्वारा निवेश किया गया है और इस जिले के सबसे बड़े और वरिष्ठ तृणमूल नेता द्वारा अस्पताल के संचालन हस्तक्षेप किया जाता है।
भाजपा नेता ने कहा कि आज जब वह छोटी बच्ची इलाज में लापरवाही का शिकार हो गई और उसके परिजन रो रहे थे। तब भी अस्पताल प्रबंधन पर कोई फर्क नहीं पड़ा क्योंकि उनके सिर पर तृणमूल के वरिष्ठ नेताओं का हाथ है। यही वजह है कि वहां पर डॉक्टर से ज्यादा बाउंसर और पुलिस मौजूद थे जो उस छोटी बच्ची के परिजनों को रोक रहे थे।
कृष्णेन्दु मुखर्जी से पूछने पर कि अस्पताल प्रबंधन पर यह आरोप भी लगाया जा रहा है कि उन्होंने उसे बच्ची के परिजनों से ठीक से आचरण भी नहीं किया तो उन्होंने कहा कि यह कोई नई बात नहीं है। इससे पहले भी उस अस्पताल के खिलाफ इस तरह के कई आरोप लगा चुके हैं।


















