कोलकाता, 10 सितंबर। शालबनी जमीन भ्रष्टाचार मामले में सुप्रीम कोर्ट से सुरक्षा कवच हटने के बाद तृणमूल कांग्रेस के अखिल भारतीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के निजी सहायक सुमित राय को गिरफ्तार कर लिया गया है। सुरक्षा कवच समाप्त होने के बाद गुरुवार को कालीघाट इलाके से सीआईडी ने उन्हें हिरासत में लिया। गिरफ्तारी के बाद तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक मदन मित्र ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और अभिषेक बनर्जी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है।
मदन मित्र ने आंखों के इलाज के लिए अभिषेक बनर्जी के विदेश जाने और उसी दौरान उनके सहायक की गिरफ्तारी के समय को लेकर सवाल उठाया। उन्होंने कहा, “अभिषेक बनर्जी इलाज कराने विदेश गए हैं। वह अच्छी तरह इलाज कराएं, ताकि बार-बार बाहर न जाना पड़े। लेकिन सुमित की गिरफ्तारी का क्रम बहुत कुछ बता रहा है। अभिषेक विदेश चले गए और सुमित को यहां छोड़ गए। सवाल उठ रहा है कि क्या अभिषेक का यह विदेश दौरा पहले से तय था?”
अभिषेक बनर्जी की जीवनशैली और संपत्ति के स्रोत को लेकर भी मदन मित्र ने सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि न्यू जर्सी के बेहद महंगे इलाके लॉन्ग आइलैंड में अभिषेक एक आलीशान महलनुमा विला में रह रहे हैं, जहां दुनिया के बड़े धनकुबेर रहते हैं। उन्होंने कहा कि एक ओर बंगाल में आम लोगों के घर पानी में डूब गए हैं, वहीं दूसरी ओर चार्टर्ड विमान और अमेरिका में राजसी जीवनशैली चल रही है। मदन मित्र ने राज्य प्रशासन से न्यू जर्सी स्थित कथित विला के खर्च और आय के स्रोत की जांच की मांग की।
कालीघाट तृणमूल कांग्रेस खेमे के पास कथित तौर पर मौजूद भारी धनराशि के स्रोत पर भी मदन मित्र ने सवाल उठाया। उन्होंने न्यू जर्सी में कथित हवेली के खर्च को लेकर भी सवाल किया।
प्रसंगवश, सुमित राय को इससे पहले पूछताछ के लिए 11 बार तलब किया गया था। उनके फरार होने की आशंका को देखते हुए बंगाल एसटीएफ की टीम उन पर कड़ी नजर रख रही थी। गुरुवार सुबह वह 121, कालीघाट रोड स्थित अभिषेक बनर्जी के आवास में प्रवेश करने के कुछ देर बाद गिरफ्तार कर लिए गए।
सीआईडी अधिकारियों के अनुसार, बार-बार तलब कर पूछताछ किए जाने के बावजूद कई सवालों के जवाब नहीं मिले थे। अग्रिम जमानत की याचिका खारिज होने के बाद सुमित के दोबारा भूमिगत होने की आशंका भी जांच एजेंसी को थी। इसी वजह से सुरक्षा कवच हटते ही सीआईडी ने त्वरित करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
