बाबूलाल मरांडी

रांची, 10 सितंबर । झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और भारतीय जनता पार्टी नेता बाबूलाल मरांडी ने जेपीएससी परीक्षा में कथित धांधली की जांच को लेकर सीआईडी पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जिस मामले की जांच आज सीआईडी कर रही है, उससे जुड़े इंटरव्यू बोर्ड में सीआईडी के एडीजी भी शामिल थे।

मरांडी ने सोशल मीडिया एक्स पर गुरुवार को सीआईडी के एडीजी पर कोयला चोरी जैसे गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगे होने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि ऐसे में जेपीएससी मामले की जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

उन्होंने जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं की जांच सीबीआई से कराने की मांग की। मरांडी के अनुसार, सीबीआई जांच से पूरे मामले की गहराई से पड़ताल हो सकेगी और उन सभी लोगों की पहचान हो सकेगी, जो कथित धांधली में शामिल रहे हैं।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जांच के जरिए यह भी पता लगाया जाना चाहिए कि किन लोगों ने धांधली के जरिये नौकरी हासिल की और किन लोगों ने उन्हें इस पूरे मामले में मदद की। उन्होंने जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी की निष्पक्ष जांच की मांग की।