पूर्वी सिंहभूम, 25 मई । जमशेदपुर की साकची थाना पुलिस ने शहर में सक्रिय बाइक चोरी गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। मामले की जानकारी सोमवार को नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) ललित मीणा ने प्रेस वार्ता में दी।
पुलिस के अनुसार, 20 मई 2026 को करीम सिटी कॉलेज के पास से एक मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत साकची थाना में दर्ज कराई गई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपित शमशाद आलम की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में शमशाद आलम ने अपने साथी अर्जुन मुंडरी के बारे में जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर अर्जुन मुंडरी को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद कीं।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे। चोरी के बाद वाहनों की पहचान छिपाने के लिए उनकी नंबर प्लेट बदल दी जाती थी। इसके अलावा इंजन और चेसिस नंबर मिटाकर बाइक को बेचने की तैयारी की जाती थी।
गिरफ्तार आरोपितों में आजादनगर निवासी 23 वर्षीय शमशाद आलम तथा मांगो के समता नगर निवासी अर्जुन मुंडरी शामिल हैं। बरामद मोटरसाइकिलों में हीरो होंडा स्प्लेंडर, सुपर स्प्लेंडर और पैशन प्रो जैसी बाइकें शामिल हैं।
पूरे मामले में साकची थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव के नेतृत्व में गठित विशेष छापामारी टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
