रांची, 25 मई । राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह अपराधियों ने ड्यूटी से लौट रहे होमगार्ड के एक जवान से चाकू की नोंक पर स्कूटी लूट ली। घटना रेलवे कॉलोनी टीओपी के पास हुई।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित होमगार्ड जवान गणेश राम सुबह अपनी ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात अपराधियों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। अपराधियों ने चाकू दिखाकर उन्हें डराया-धमकाया और उनकी स्कूटी छीनकर मौके से फरार हो गए।
वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने जवान की वर्दी और टोपी रास्ते में ही फेंक दी। इसके बाद वे मौके से भाग निकले। घटना से स्तब्ध जवान ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही चुटिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी ने बताया कि अपराधियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
