कूचबिहार, 23 अगस्त । चेंगराबांधा के दक्षिणपाड़ा इलाके में शनिवार रात एक बांग्लादेशी महिला को स्थानीय लोगों ने पकड़कर कर मेखलिगंज थाने की पुलिस को सौंप दिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, महिला ने अपना नाम पिया खातून बताया है। वह बांग्लादेश के रंगपुर जिले के पीरगाछा की रहने वाली है। पीड़ित बांग्लादेशी महिला ने पुलिस को बताया है कि करीब चार साल पहले दलालों के जरिए उसे अवैध रूप से भारत लाया गया था। उसने आरोप लगाया कि भारत लाने के बाद उसे अलग-अलग जगहों पर ले जाकर काम करने के लिए मजबूर किया गया और बाद में कथित तौर पर जबरन देह व्यापार में धकेल दिया गया। यहां तक कि सिलीगुड़ी और दिनहाटा समेत कई इलाकों में भी ले जाया गया था। दिनहाटा में उसने कुछ दिनों तक एक होटल में काम किया। इसके बाद किसी तरह बांग्लादेश लौटने की कोशिश में वह चेंगराबांधा पहुंची, लेकिन अंतरराष्ट्रीय इमिग्रेशन बंद होने के कारण सीमा पार नहीं कर सकी।
स्थानीय लोगों ने उसे इलाके में भटकते देख स्थानीय पंचायत सदस्य की मौजूदगी में पुलिस को सूचना दी गई। मेखलिगंज थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला को अपनी हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, महिला के भारत में अवैध प्रवेश, उसके यहां रहने और मानव तस्करी तथा जबरन देह व्यापार में धकेले जाने के आरोपों की जांच की जा रही है। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
