गिरडीह , 23 अगस्त। गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र अंतर्गत अटका गांव का प्रवासी मजदूर रामेश्वर दास करीब चार महने से दुबई में फंसा हुआ है। पिछले पांच दिनों से रामेश्वर का मोबाइल फोन स्विच ऑफ है। उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है इससे रामेश्वर के परिजनों की चिंता बढ़ गई है।
परिजनों के अनुसार रामेश्वर दास गत 6 मई रोजगार की तलाश में एक ठेकेदार के माध्यम से टूरिस्ट वीजा पर दुबई गया था। परिजनों का कहना है कि दुबई पहुंचने के बाद वह वहां परेशानियों में फंस गया, उसने स्वदेश लौटने की कोशिश की लेकिन वीजा से जुड़ी परेशानियों के कारण उसकी स्थिति लगातार कठिन होती चली गई।
परिजनों ने बताया कि रामेश्वर को विदेश भेजने के लिए परिवार ने कर्ज लिया था। उन्हें उम्मीद थी कि दुबई में रोजगार मिलने के बाद वह नियमित रूप से कमाई कर घर की आर्थिक स्थिति संभाल सकेगा और परिवार का कर्ज भी चुका पाएगा। लेकिन परिस्थितियां उम्मीद के विपरीत हो गईं।
परिजनों ने बताया कि कुछ दिन पहले तक रामेश्वर से फोन पर बातचीत हो रही थी, वह परिवार को अपनी परेशानियों की जानकारी दे रहा था, पिछले पांच दिनों से उसका मोबाइल फोन बंद है।
सिकन्दर अली ने परिजनों से की मुलाकात
प्रवासी मजदूरों के हित में काम करने वाले सिकन्दर अली ने रामेश्वर दास के परिजनों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली और रामेश्वर की सुरक्षित वापसी के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया।
सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग
रामेश्वर के परिजनों ने झारखंड सरकार, केंद्र सरकार और संबंधित विभाग से रामेश्वर की स्थिति का पता लगाने, उससे संपर्क करने तथा आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी कर उसे सुरक्षित भारत वापस लाने की व्यवस्था करने की मांग की है।
