wqdqw

खड़गपुर, 23 अगस्त । भाजपा नेता दिलीप घोष ने खड़गपुर में माफिया और बदमाशों को लेकर कड़ी चेतावनी दी है। रविवार को खड़गपुर के दो नंबर वार्ड में एक पार्टी कार्यालय उद्घाटन में पहुंचने पर उन्होंने कहा कि खड़गपुर में किसी भी माफिया या गुंडे को रहने नहीं दिया जाएगा। कई लोग जेल जा चुके हैं और कई यहां से भाग गए हैं।

दिलीप घोष ने कहा कि पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि अगर माफिया या बदमाश खड़गपुर में कदम रखते हैं तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि दाल-भात खाने से पहले उन्हें गोली का सामना करना पड़ सकता है। माफिया और बदमाशों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस को पूरी छूट होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि वह उस व्यवस्था को खत्म करना चाहते हैं, जिसमें गुंडे, माफिया और नेता पुलिस के साथ मिलकर काम करते थे।

दिलीप घोष ने बताया कि खड़गपुर में नशीले पदार्थों के कारोबार से जुड़े करीब 200 लोगों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है और वे जेल में हैं। इनमें से कुछ लोगों को जमानत मिल सकती है, लेकिन यदि बाहर आने के बाद भी उन्होंने अपना रवैया नहीं बदला तो उन्हें दोबारा कड़ी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि किसी को भी नहीं बख्शा जाएगा।

उन्होंने जरूरत पड़ने पर भागने की कोशिश करने वाले अपराधियों के खिलाफ मुठभेड़ जैसी कार्रवाई का भी उल्लेख किया। उन्होंने बारुईपुर की घटना का उदाहरण देते हुए कहा कि अपराधियों को कानून का डर होना चाहिए।

दिलीप घोष ने कहा कि खड़गपुर की जनता शांति से रहना चाहती है। इसी कारण लोगों ने भाजपा को समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता लोगों को शांति और सुरक्षा देना है, ताकि लोग बिना डर के अपना काम और रोजगार कर सकें। किसी को धमकाने या परेशान करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने दावा किया कि खड़गपुर में धमकी की राजनीति पर रोक लगा दी गई है।