____ ______

पूजा-अर्चना,  जुम्मा, बाबा की बारात और भजन संध्या के साथ होगा आयोजन

ओंकार समाचार

कोलकाता, 20 सितंबर। सामाजिक समरसता, मानवता और सांप्रदायिक सद्भाव का संदेश देने वाले लोकदेवता बाबा रामदेवजी के प्रति श्रद्धा और भक्ति अर्पित करने के लिए रामसा पीर मंडल की ओर से दशमी महोत्सव का आयोजन सोमवार, 21 सितंबर को किया जाएगा। बालीगंज पार्क स्थित राजेश गणपति बैंक्वेट, हल्दीराम के पास, आयोजित होने वाले इस महोत्सव में राजस्थान की लोक आस्था, संस्कृति और भक्ति की जीवंत झलक देखने को मिलेगी।

कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 8 बजे पूजा-अर्चना और आरती के साथ होगा। इसके बाद सुबह 10.30 बजे से शाम 5 बजे तक रामसा पीर जुम्मा (अमृत कथा) का आयोजन होगा। इसमें बाबा रामदेवजी के जीवन, उनके लोककल्याणकारी कार्यों और मानव मात्र के प्रति समानता तथा सद्भाव के संदेश की कथा प्रस्तुत की जाएगी। कथा वाचन लक्ष्मीकांत व्यास ‘मुन्नाजी’ करेंगे। दोपहर 1.15 बजे बाबा रामदेवजी के श्रीचरणों का विधिवत अभिषेक किया जाएगा।

भक्ति संगीत से गूंजेगा आयोजन

महोत्सव के तहत शाम 4.30 बजे बाबा रामदेवजी की बारात निकाली जाएगी। इसके बाद शाम 5.30 बजे से भजन संध्या होगी। जोधपुर के प्रसिद्ध भजन गायक प्रकाश माली बाबा की भक्ति में भजनों की प्रस्तुति देंगे। उनकी भक्ति रचनाओं के माध्यम से श्रद्धालु बाबा रामदेवजी की लोकआस्था और आध्यात्मिक परंपरा से जुड़ेंगे।

महोत्सव का समापन रात 9.30 बजे 108 थाल से होने वाली सामूहिक महाआरती के साथ होगा। इस दौरान श्रद्धालु सामूहिक रूप से बाबा रामदेवजी के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित करेंगे।

रामसा पीर मंडल की स्थापना स्मृतिशेष शंकरलाल अग्रवाल ने की थी। मंडल के चेयरमैन भीखमचंद पुगालिया, अध्यक्ष प्रह्लाद राय गोयनका, सचिव जुगल राठी और संयोजक प्रकाश कुमार डागा सहित पदाधिकारी एवं सदस्य आयोजन की तैयारियों में सक्रिय रूप से जुटे हैं।

आयोजकों ने श्रद्धालुओं से सपरिवार महोत्सव में शामिल होने का आग्रह किया है।