236 मरीजों को चश्मे, 52 के होंगे निशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन
कोलकाता, 20 सितंबर। मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्पताल की ओर से रविवार को तीन स्थानों पर नि:शुल्क नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया गया। एक शिविर आमरा पादातिक के सहयोग से दुर्गापुर के कड़ा रोड में, दूसरा शिविर मां शारदा फाउंडेशन के सहयोग से बागबाजार के नाथेर बागान में तथा तीसरा शिविर मुरारी पुकुर वेलफेयर सोसायटी के सहयोग से उल्टाडांगा में आयोजित किया गया।तीनों शिविरों में 820 मरीजों की जांच की गई।
शिविरों में मरीजों की शुगर, रक्तचाप और ईसीजी जांच भी की गई। जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
नेत्र परीक्षण के दौरान 236 मरीजों को चश्मे की जरूरत पाई गई, जबकि 52 मरीजों में मोतियाबिंद की पहचान हुई। इन मरीजों के मोतियाबिंद ऑपरेशन कोलकाता स्थित मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्पताल में नि:शुल्क किए जाएंगे।
शिविर समन्वयक अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्पताल के मानद प्रधान सचिव प्रहलाद राय गोयनका की प्रेरणा से आयोजित इन स्वास्थ्य शिविरों को सफल बनाने में डॉ. मलय दास, डॉ. दिनेश सिंह, डॉ. मिथिलेश सिंह, डॉ. ए.के. सिंह और डॉ. सुकांतो राय का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
अजय दिवाकर ने बताया कि जरूरतमंद लोगों को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सोसायटी की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे निशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर पूरे साल आयोजित किए जाते हैं।
मेडिक्लेम बीमा धारकों के इलाज की सुविधा उपलब्ध
अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी में मेडिक्लेम बीमा धारकों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध है। सोसायटी के अस्पताल में आम नागरिकों को न्यूनतम शुल्क पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। यहां जनरल वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों से बैड का एक दिन का किराया मात्र 50 रुपए लिया जाता है।
अस्पताल में मौजूद होम्योपैथिक चिकित्सक मात्र 20 रुपए में परामर्श देते हैं और दवा नि:शुल्क देते हैं। यहां चिकित्सक से परामर्श मात्र 120 रुपए में लिया जा सकता है। परामर्श के साथ दवाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती है। अस्पताल में जेनेरिक दवाएं 60 प्रतिशत डिस्काउंट पर दी जाती हैं।
नि:शुल्क सर्वाइकल वैक्सीन
सोसायटी ने सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए 9 से 45 साल तक की महिलाओं को सर्वाइकल वैक्सीन नि:शुल्क देने का अभियान शुरू किया है।
