कोडरमा, 26 अगस्त । जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र अंतर्गत कोडरमा-जमुआ मुख्य मार्ग पर नवलशाही चौक के समीप बुधवार की शाम हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान गिरिडीह जिले के राजधनवार थाना क्षेत्र अंतर्गत नीमाडीह पंचायत के कैलपुर गांव निवासी अनिकेत यादव (पिता हिरामन यादव) के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक की पहचान मरकच्चो थाना क्षेत्र के मूर्कमनाय गांव निवासी विक्की विश्वकर्मा के रूप में की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार दोनों युवक बाइक पर सवार होकर नवलशाही किसी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान नवलशाही चौक के पास पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा।
हालांकि, गंभीर रूप से घायल अनिकेत यादव ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं घायल विक्की विश्वकर्मा का इलाज सदर अस्पताल में जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
