210 को मिले चश्मे, 80 के होंगे ऑपरेशन
ओंकार समाचार
कोलकाता, 23 अगस्त। मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी कोलकाता की ओर से रविवार को तीन स्थानों पर निशुल्क नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया गया। एक शिविर तपोसिली आदिवासी के सहयोग से श्यामनगर में, दूसरा शिविर शिव शक्ति सेवा समिति के सहयोग से बारानगर में तथा एक अन्य शिविर रोटरी क्लब ऑफ साल्ट लेक के सहयोग से उल्टाडांगा के मोचीबाजार में आयोजित किया गया। तीनों शिविरों में करीब 870 मरीजों की जांच की गई।
शिविर में आए सभी मरीजों की ब्लड शुगर , ब्लडप्रेशर ईसीजी आदि जांचें निशुल्क की गई। मरीजों को आवश्यकतानुसार दवाइयां निशुल्क उपलब्ध कराई गईं। नेत्र परीक्षण के दौरान 210 मरीजों को चश्मे की जरूरत पाई गई, 80 मरीज मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चिन्हित किए गए। इनके ऑपरेशन कोलकाता स्थित मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्पताल में निशुल्क किए जाएंगे।
कोऑर्डिनेटर अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी के मानद प्रधान सचिव प्रहलाद राय गोयनका की प्रेरणा से आयोजित इन शिविरों को सफल बनाने में डॉक्टर दिनेश सिंह, डॉक्टर मलय दास, डॉक्टर शंकर मंडल, डॉक्टर कबीर अहमद, डॉक्टर सुकांतो राय, डॉक्टर एम.एम.के. राय और डॉक्टर के.के. राय ने सराहनीय योगदान दिया।
पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री तापस राय ने शिविर का अवलोकन किया और मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी की ओर से स्वास्थ्य क्षेत्र में किए जा रहे निशुल्क सेवा कार्यों की सराहना की।
मेडिक्लेम बीमा धारकों के इलाज की सुविधा उपलब्ध
अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी में मेडिक्लेम बीमा धारकों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध है। सोसायटी के अस्पताल में आम नागरिकों को न्यूनतम शुल्क पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। यहां जनरल वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों से बैड का एक दिन का किराया मात्र 50 रुपए लिया जाता है।
अस्पताल में मौजूद होम्योपैथिक चिकित्सक मात्र 20 रुपए में परामर्श देते हैं और दवा नि:शुल्क देते हैं। यहां चिकित्सक से परामर्श मात्र 120 रुपए में लिया जा सकता है। परामर्श के साथ दवाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती है। अस्पताल में जेनेरिक दवाएं 60 प्रतिशत डिस्काउंट पर दी जाती हैं।
नि:शुल्क सर्वाइकल वैक्सीन
सोसायटी ने सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए 9 से 45 साल तक की महिलाओं को सर्वाइकल वैक्सीन नि:शुल्क देने का अभियान शुरू किया है।
