onkar

कोलकाता, 24 जुलाई । पश्चिम बंगाल स्कूल सेवा आयोग (एसएससी) से जुड़े सभी मामलों में वरिष्ठ अधिवक्ता कल्याण बनर्जी को हटा दिया गया है। अब वह एसएससी की ओर से किसी भी मामले में अदालत में पैरवी नहीं करेंगे। शुक्रवार को कलकत्ता हाई कोर्ट में एसएससी के अवधि समाप्त (एक्सपायर्ड) पैनल से संबंधित एक मामले की सुनवाई के दौरान वकील बदले जाने की जानकारी सामने आई।

सूत्रों के अनुसार, गुरुवार रात ही कल्याण बनर्जी को एसएससी के सभी मामलों से हटा दिया गया। उनकी जगह आयोग ने वरिष्ठ अधिवक्ता इंद्रनील राय को नियुक्त किया है। उनके साथ जूनियर अधिवक्ता के रूप में सुनीत राय पैरवी करेंगे। शुक्रवार से ही दोनों ने आयोग की ओर से अदालत में पक्ष रखना शुरू कर दिया।

गौरतलब है कि इसी महीने आईएएस अधिकारी दुष्यंत नारियाला को एसएससी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। विधानसभा चुनाव से पहले वह पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव थे। बाद में मनोज अग्रवाल को मुख्य सचिव बनाया गया और नारियाला को दिल्ली में राज्य का रेजिडेंट कमिश्नर नियुक्त किया गया। वह एसएससी अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। बताया जा रहा है कि वकील बदलने का फैसला उन्होंने ही लिया है।

पश्चिम बंगाल में शिक्षक एवं शिक्षाकर्मी भर्ती में कथित अनियमितताओं को लेकर कई मामले अदालत में लंबित हैं। आरोप है कि पैनल की वैधता समाप्त होने के बाद भी कई लोगों को उसी पैनल से नियुक्ति दी गई। शुक्रवार को न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य की पीठ में इसी मामले की सुनवाई हुई, जहां एसएससी की ओर से इंद्रनील राय और सुनीत राय ने पक्ष रखा।

उल्लेखनीय है कि पहले कल्याण बनर्जी एसएससी से जुड़े अधिकांश मामलों में आयोग का पक्ष रखते थे, लेकिन राज्य में सरकार बदलने के बाद से आयोग की ओर से उनकी सक्रियता काफी कम हो गई थी। अब उन्हें आधिकारिक रूप से सभी मामलों से हटा दिया गया है।