west

कोलकाता, 30 सितंबर । दुर्गापूजा से पहले रेलवे ने शहर से सटे इलाकों के यात्रियों को राहत दी है। सियालदह-रानाघाट और सियालदह-बनगांव-रानाघाट मार्ग पर चलने वाली एसी लोकल ट्रेनों के कुछ स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव की घोषणा की गई है। यह व्यवस्था एक अक्टूबर से लागू होगी।

सियालदह-रानाघाट एसी लोकल का हालीशहर और शिमुराली स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव पहले प्रयोग के तौर पर शुरू किया गया था। रेलवे ने अब इसकी अवधि बढ़ाकर 30 नवंबर तक कर दी है। सियालदह मंडल की ओर से जारी सूचना के अनुसार, रानाघाट-सियालदह एसी लोकल के शिमुराली, हालीशहर और इच्छापुर में अतिरिक्त ठहराव की प्रयोगात्मक अवधि भी बढ़ाई गई है।

इस मार्ग पर अप एसी लोकल इच्छापुर में शाम सात बजकर 32 मिनट, हालीशहर में शाम सात बजकर 54 मिनट और शिमुराली में रात आठ बजकर 12 मिनट पर पहुंचेगी। वहीं, अगले दिन सुबह लौटने वाली डाउन ट्रेन शिमुराली में सुबह आठ बजकर 45 मिनट, हालीशहर में नौ बजकर दो मिनट और इच्छापुर में नौ बजकर 23 मिनट पर रुकेगी।

इसी तरह सियालदह-बनगांव-रानाघाट एसी लोकल के बामनगाछी और गोपालनगर में अतिरिक्त ठहराव की घोषणा की गई है। अप ट्रेन सियालदह से शाम छह बजकर 14 मिनट पर रवाना होगी। यह बामनगाछी में शाम सात बजकर दो मिनट और गोपालनगर में रात आठ बजकर 19 मिनट पर पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन रात आठ बजकर 43 मिनट पर रानाघाट पहुंचेगी।

अगले दिन सुबह डाउन रानाघाट-बनगांव-सियालदह एसी लोकल गोपालनगर में सुबह सात बजकर 34 मिनट और बामनगाछी में सुबह आठ बजकर 43 मिनट पर रुकेगी। ट्रेन सुबह नौ बजकर 38 मिनट पर सियालदह पहुंचेगी।

सियालदह के मंडल रेल प्रबंधक राजीव सक्सेना ने कहा कि शहर से सटे मार्गों पर आने-जाने वाले यात्रियों को अधिक सुविधा देने के उद्देश्य से अतिरिक्त ठहराव दिए गए हैं।