01

कोलकाता, 30 सितम्बर। मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी कोलकाता के तत्वावधान में रविवार को पश्चिम बंगाल के विभिन्न क्षेत्रों में विशाल निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य जांच (हेल्थ चेकअप) शिविरों का सफल आयोजन किया गया। इन शिविरों के माध्यम से कुल 1,055 रोगियों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें चिकित्सा सेवाएं प्रदान की गईं।

चार प्रमुख स्थानों पर बने जांच केंद्र

-यह जनकल्याणकारी अभियान विभिन्न सहयोगी संस्थाओं के साथ मिलकर चार अलग-अलग स्थानों पर संचालित किया गया। इनमें चाकला (देओगंगा) नवोंदिशा वेलफेयर ट्रस्ट, खरदह किसान मोर्चा, दक्षिणेश्वर मंदिर के समीप बस्ती क्षेत्र में नन्दलाल चैरिटेबल ट्रस्ट, तारकेश्वर धाम कल्पतरु सेवा संघ का सहयोग रहा।

1000 से अधिक मरीजों की जांच, मुफ़्त दवा वितरण

-जांच के दौरान कुल 1,055 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिनमें से 340 रोगियों में दृष्टि दोष पाए जाने पर चश्मे तथा 90 रोगियों में मोतियाबिंद (कैटरेक्ट) पाया गया, जिनका शीघ्र ऑपरेशन किया जाएगा। अन्य सभी मरीजों का शुगर टेस्ट व जनरल हेल्थ चेकअप किया गया तथा उन्हें मुफ़्त दवाइयाँ वितरित की गईं।

चिकित्सकों व आयोजकों की सराहनीय भूमिका

-शिविर को सफल बनाने में डॉ. दिनेश सिंह, डॉ. मलय दास, डॉ. शंकर मंडल, डॉ. कबीर अहमद, डॉ. सुकांतो राय, डॉ. संजीव कुमार एवं डॉ. मुक्ति दे का महत्वपूर्ण व सराहनीय योगदान रहा।

कैंप कोऑर्डिनेटर अजय दिवाकर ने जानकारी देते हुए बताया कि यह विशाल आयोजन मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी के मानद प्रधान सचिव प्रहलाद राय गोयनका की प्रेरणा और मार्गदर्शन से ही संभव हो सका है। सोसायटी भविष्य में भी समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।