कोडरमा, 21 जुलाई। सदर अस्पताल कोडरमा में प्रसव के बाद एक महिला की मौत हो जाने से मंगलवार को अस्पताल परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई।
मृतका के परिजनों ने डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों पर इलाज में लापरवाही तथा पैसे मांगने का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार हजारीबाग जिले के बरकट्ठा थाना क्षेत्र के बेडोकला गांव निवासी संजू देवी को सोमवार सुबह करीब 11 बजे प्रसव पीड़ा होने पर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शाम करीब 7 बजे ऑपरेशन के माध्यम से उन्होंने जुड़वा बच्चों को जन्म दिया। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद स्वास्थ्यकर्मियों ने उनसे 1,100 रुपये की मांग की। उनका कहना है कि कम राशि देने पर स्वास्थ्यकर्मियों ने पैसे फेंक दिए। परिजनों के मुताबिक, ऑपरेशन के बाद टांके वाली जगह से लगातार रक्तस्राव हो रहा था। इसकी जानकारी अस्पताल कर्मियों को कई बार दी गई, लेकिन इसे गंभीरता से नहीं लिया गया।
परिजनों का आरोप है कि समय पर समुचित इलाज नहीं मिलने के कारण मंगलवार सुबह करीब 4 बजे संजू देवी की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया और डॉक्टरों व स्वास्थ्यकर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की। हांलाकि अस्पताल अधीक्षक डॉ रंजीत कुमार ने इलाज में लापरवाही से इंकार किया है।
