दाे नाबालिग की हत्या

खूंटी, 18 मई । जिले के सायको थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़के और नाबालिग लड़की की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। अज्ञात अपराधियों ने धारदार हथियार से हमला कर दोनों की हत्या कर दी। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। मृतकों की पहचान बिशु पाहन (16) और सूमी मुंडू (17) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार दोनों रविवार की रात को सायको बाजार में आयोजित मेला और पारंपरिक छऊ नृत्य कार्यक्रम देखने गए थे। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम स्थल से कुछ दूरी पर लगी हड़िया दुकान के पास अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया। धारदार हथियार से किए गए हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी फरार हो गए।

सोमवार की सुबह स्थानीय ग्रामीणों की नजर दोनों शवों पर पड़ी। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही सायको थाना पुलिस और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। बाद में एफएसएल और डॉग स्क्वायड टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।

डीएसपी वरुण रजक ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग, आपसी रंजिश या किसी गंभीर विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह ऑनर किलिंग का मामला नहीं लग रहा है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी का दावा किया है।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है।