murder12

खूंटी , 08 अगस्त । रनिया थाना क्षेत्र के उडिकेल बरटोली गांव में शुक्रवार की रात प्रेम प्रसंग के शक में एक पति ने अपनी पत्नी की टांगी से वार कर हत्या कर दी। घटना रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। मृतका की पहचान गांव निवासी मथुरा कोनगाड़ी की पत्नी उसरी कोनगाडी( उम्र 33 वर्ष )के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।

स्थानीय लोगों से घटना की सूचना मिलने पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तोरपा विजय कुमार सिंह और रनिया थाना प्रभारी श्यामल कुंभकार शनिवार को पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपित पति मथुरा कोनगाड़ी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित से घटना के संबंध में पूछताछ की और उसके बयान दर्ज किए।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसे अपनी पत्नी के गांव के ही एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग होने का शक था। आरोपित का दावा है कि उसकी पत्नी उक्त युवक से फोन पर बातचीत करती थी और उससे मिलती-जुलती भी थी। मथुरा ने कई बार पत्नी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसके व्यवहार में बदलाव नहीं आया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद के दौरान मथुरा ने पत्नी के सिर पर टांगी से वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। मृतका के मायके पक्ष की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर रनिया थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

बताया गया है कि मृतका के तीन बच्चे हैं। घटना के बाद बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।