टूटने लगी है 52 करोड़ से बनी सड़क 1

खूंटी, 18 मई । खूंटी-तोरपा मुख्य पथ की बदहाल स्थिति एक बार फिर सवालों के घेरे में है। करोड़ों रुपये खर्च कर सड़क की मरम्मत कराए जाने के बावजूद कई जगहों पर सड़क टूटने लगी है।

ममरला से रिडूम गांव के बीच सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे उभर आए हैं, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार लगभग डेढ़ वर्ष पहले करीब 52 करोड़ रुपये की लागत से इस सड़क की मरम्मत कराई गई थी, लेकिन निर्माण के कुछ ही समय बाद सड़क की परत उखड़ने लगी और अब कई हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं।

ग्रामीणों और वाहन चालकों का कहना है कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया। सड़क पर बने गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। अब तक दर्जनों दोपहिया वाहन चालक असंतुलित होकर गिर चुके हैं, जिनमें कई लोग घायल भी हुए हैं। खासकर रात के समय और तेज रफ्तार वाहनों के दौरान हादसे की आशंका और बढ़ जाती है।

इस मामले को तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया ने विधानसभा में भी उठाया था। विधायक ने सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की थी। बावजूद इसके अब तक किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द सड़क की मरम्मत कराने और निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है। इस संबंध में पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता से उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन से संपर्क नहीं हो सका।