मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी

कोलकाता, 5 अप्रैल। मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी, कोलकाता की ओर से रविवार को दोस्‍थानों पर निशुल्क नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया गया।

एक शिविर भारत सेवा संघ के सहयोग से सिंगूर में तथा दूसरा शिविर आदिवासी तपोसिल जाति संगठन के सहयोग से श्यामनगर में आयोजित किया गया। दोनों शिविरों में कुल लगभग 620 मरीजों का परीक्षण किया गया।

शिविर में आए सभी मरीजों की शुगर टेस्टिंग, ईसीजी एवं ब्लड प्रेशर जांच की गई, सभी को निशुल्क दवाइयाँ भी वितरित की गईं। नेत्र परीक्षण के दौरान 190 मरीजों के लिए चश्मे की जरूरत महसूस की गई। 50 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन हेतु चिन्हित किया गया। इनके ऑपरेशन आगामी दिनों में मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्‍पताल कोलकाता में निशुल्‍क किए जाएंगे।

कैंप समन्वयक अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी के मानद प्रधान सचिव प्रह्लाद रॉय गोयनका की प्रेरणा से आयोजित इन शिविरों को सफल बनाने में डॉ. दिनेश सिंह, डॉ. मलय दास, डॉ. सुबेंदु देवनाथ एवं डॉ. शंकर मंडल का सराहनीय योगदान रहा।

अजय दिवाकर ने बताया कि संस्था भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखेगी, ताकि स्वास्थ्य सुविधाएं अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जा सकें।

मेडिक्लेम बीमा धारकों के इलाज की सुविधा उपलब्‍ध

अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी में मेडिक्लेम बीमा धारकों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्‍ध है। सोसायटी के अस्‍पताल में आम नागरिकों को न्‍यूनतम शुल्‍क पर बेहतर स्‍वास्‍थ्‍य सेवाएं उपलब्‍ध करवाई जा रही हैं। यहां जनरल वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों से बैड का एक दिन का किराया मात्र 50 रुपए लिया जाता है।

अस्‍पताल में मौजूद होम्‍योपैथिक चिकित्‍सक मात्र 20 रुपए में परामर्श देते हैं और दवा नि:शुल्‍क देते हैं। यहां चिकित्‍सक से मात्र 120 रुपए में परामर्श लिया जा सकता है। परामर्श के साथ दवाएं नि:शुल्‍क उपलब्‍ध कराई जाती है। अस्‍पताल में जेनेरिक दवाएं 60 प्रतिशत डिस्काउंट पर दी जाती हैं।

नि:शुल्‍क सर्वाइकल वैक्‍सीन

सोसायटी ने सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए 9 से 45 साल तक की महिलाओं को सर्वाइकल वैक्‍सीन नि:शुल्‍क देने का अभियान शुरू किया है।