पूर्वी सिंहभूम, 02 अगस्त । पूर्वी सिंहभूम उत्पाद विभाग ने अवैध चुलाई शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ जुगसलाई और बागबेड़ा थाना क्षेत्रों में विशेष छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान करीब 290 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की गई, जबकि अवैध शराब बेचते हुए एक व्यक्ति को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। मामले में झारखंड उत्पाद अधिनियम के तहत पांच अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की जा रही हैं।
निरीक्षक उत्पाद, धालभूम प्रक्षेत्र कुमार सत्येंद्र के नेतृत्व में शनिवार की रात अभियान की शुरुआत बागबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित वायरलेस मैदान के समीप अवैध शराब बिक्री के ठिकाने से की गई। छापेमारी के दौरान कुछ स्थानीय महिलाओं ने कार्रवाई का विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन उत्पाद विभाग की टीम ने अभियान जारी रखते हुए मौके से बड़ी मात्रा में अवैध चुलाई शराब जब्त कर ली।
इसके बाद टीम ने बागबेड़ा थाना के पीछे गुरुद्वारा मैदान के समीप स्थित पार्वती देवी (55) के घर पर छापा मारा। तलाशी के दौरान वहां से भी अवैध चुलाई शराब बरामद की गई। इसके बाद उत्पाद विभाग की टीम ने जुगसलाई थाना क्षेत्र के रेलवे लाइन किनारे स्थित खटिक मोहल्ला और दुखू मार्केट के सामने संचालित तीन अवैध शराब बिक्री केंद्रों पर एक साथ कार्रवाई की, जहां से भारी मात्रा में चुलाई शराब जब्त की गई।
छापेमारी के दौरान दुखू मार्केट निवासी गोपाल राय (50) को अवैध चुलाई शराब बेचते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। उत्पाद विभाग ने पार्वती देवी, श्रवण खटिक (52), विनोद खटिक (51), गोपाल राय (50) समेत अन्य आरोपितों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके अलावा वायरलेस मैदान के समीप संचालित एक अन्य अवैध शराब बिक्री केंद्र को भी जांच के दायरे में लिया गया है।
उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध चुलाई शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ कानून के प्रावधानों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
