CREATOR: gd-jpeg v1.0 (using IJG JPEG v62), quality = 75
पूर्वी सिंहभूम, 02 अगस्त। गोविंदपुर थाना क्षेत्र के गदरा के पास इस वर्ष अप्रैल माह में रेल लाइन किनारे मिले युवक गुलशन कुमार उर्फ गुलशन प्रसाद के शव मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। शुरुआती जांच में दुर्घटना प्रतीत हो रहे इस मामले में पुलिस ने मृतक के पुराने साथी जय कर्मकार को गिरफ्तार किया है। आरोपित ने पूछताछ में रंजिश के चलते अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रचने और वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2022 में गुलशन कुमार और जय कर्मकार एक डकैती के मामले में साथ जेल गए थे। जेल से रिहा होने के बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद गहरा गया, जो बाद में रंजिश में बदल गया। इसी रंजिश के चलते जय कर्मकार ने अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर गुलशन की हत्या की योजना बनाई।
जांच में सामने आया कि घटना के दिन आरोपितों ने पहले गुलशन के साथ बेरहमी से मारपीट की। गंभीर रूप से घायल होने के बाद रस्सी से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी गई। इसके बाद पुलिस को गुमराह करने और घटना को रेल दुर्घटना का रूप देने के उद्देश्य से शव को रेल लाइन के किनारे फेंक दिया गया।
गोविंदपुर थाना प्रभारी पवन कुमार ने रविवार को बताया कि अप्रैल माह में रेल लाइन के समीप गुलशन का शव मिलने के बाद परिजनों की शिकायत पर अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया गया था। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की।
उन्होंने बताया कि वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस जय कर्मकार तक पहुंची। पूछताछ के दौरान आरोपित ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रस्सी भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस ने बताया कि इस हत्याकांड में शामिल चार अन्य आरोपित अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि सभी आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
