रांची, 02 अगस्त । राजधानी रांची में सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के मामले में नगड़ी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, नगड़ी निवासी अलीम अंसारी पर आरोप है कि उसने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और विधायक नवीन जायसवाल के संबंध में कथित रूप से आपत्तिजनक एवं अभद्र टिप्पणियां कीं। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि वीडियो में जान से मारने की धमकी दी गई है।
भाजपा के एक मंडल अध्यक्ष की लिखित शिकायत के आधार पर नगड़ी थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता, उसके स्रोत तथा उससे जुड़े अन्य सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
नगड़ी थाना प्रभारी अभिषेक राय ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच के दौरान प्राप्त तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वीडियो कब और किस माध्यम से प्रसारित किया गया तथा इसके पीछे की परिस्थितियां क्या थीं।
