पाकुड़ , 8 जुलाई। पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि अब उन्होंने एक 16 चक्का हाइवा ही चोरी कर लिया।
रविवार देर रात चोर गोकुलपुर स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप परिसर से एक हाइवा लेकर फरार हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाइवा मालिक अनिकूल आलम ने बताया कि 2 जुलाई को डीजल खत्म होने के कारण वाहन को गोकुलपुर स्थित पेट्रोल पंप पर खड़ा कराया गया था। सोमवार सुबह जब केयरटेकर मोहम्मद आजम शेख वाहन देखने पहुंचे तो वहां खड़े तीन हाइवा में से एक गायब मिला। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना वाहन मालिक को दी। उस समय मालिक किसी आवश्यक कार्य से रांची गए हुए थे।
चोरों ने वाहन को ले जाने से पहले उसमें लगे टाटा मोटर्स और बीजीआर कंपनी के लगे जीपीएस सिस्टम उखाड़कर घटनास्थल पर ही फेंक दिए, ताकि वाहन की लोकेशन ट्रैक नहीं की जा सके। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वारदात में शामिल लोग तकनीकी जानकारी रखने वाले थे।मामले में सोमवार शाम नगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत मिलते ही मंगलवार को थाना प्रभारी अनिल गुप्ता, एसआई मिथुन रजक और एसआई सन्नी सुप्रभात पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस पेट्रोल पंप व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान कर जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा।
