कोलकाता, 26 अक्टूबर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस राजनीतिक रूप से बेहद पतन की स्थिति में पहुंच गई है।
सोमवार को कोलकाता में इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि इस तरह की टिप्पणी से साबित होता है कि कांग्रेस राजनीतिक रूप से कितनी छोटी हो गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब राजनीतिक दल नहीं, बल्कि परजीवी बन गई है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को दुनिया का सबसे लोकप्रिय नेता बताते हुए शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि इससे पहले भी कांग्रेस ने मोदी जी पर ‘मौत का सौदागर’ कहकर हमला किया था। उस समय देश की जनता ने मतदान के माध्यम से कांग्रेस को करारा जवाब दिया था।
उन्होंने आगे कहा कि अब एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पिता को बीच में लाकर जिस तरह की अपमानजनक टिप्पणी की जा रही है, उसका भी उचित जवाब आने वाले दिनों में भारत की जनता ही कांग्रेस को देगी।
