हथियार के साथ युवक गिरफ्तार,

पूर्वी सिंहभूम, 06 जून । जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर संभावित आपराधिक घटना को टालने का दावा किया है। गिरफ्तार आरोपित के पास से एक लोडेड देसी पिस्तौल बरामद किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार सुबह गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि बेलीबोधन घाट के आसपास एक युवक हथियार लेकर घूम रहा है और किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर बिष्टुपुर थाना प्रभारी अशोक दुबे के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया और इलाके में सघन छापेमारी अभियान शुरू किया गया।

छापेमारी के दौरान पुलिस टीम को देखते ही संदिग्ध युवक भागने लगा। हालांकि पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उसकी पहचान निहाल कुमार गुप्ता (19) के रूप में हुई, जो आदित्यपुर के आरआईटी थाना क्षेत्र अंतर्गत रोड नंबर-10 का निवासी है।

पुलिस द्वारा की गई तलाशी में युवक के पास से एक देसी पिस्तौल बरामद हुई, जिसमें एक जिंदा कारतूस लोड था। बरामद हथियार को तत्काल जब्त कर लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि वह लोगों में दहशत फैलाने और उन्हें डराने-धमकाने के उद्देश्य से हथियार अपने पास रखता था।

शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी)ललित मीणा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपित के खिलाफ आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। अदालत में पेश किए जाने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

सिटी एसपी ने बताया कि पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपित को हथियार कहां से मिला, उसके पीछे कौन लोग जुड़े हो सकते हैं और वह इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से करने वाला था। साथ ही हथियार आपूर्ति करने वाले नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।