CREATOR: gd-jpeg v1.0 (using IJG JPEG v62), quality = 75
मालदा, 25 फरवरी । जिले के हरिश्चंद्रपुर थाना क्षेत्र में मामूली पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया है। सुल्ताननगर ग्राम पंचायत के नानाराही इलाके में बड़े भाई पर छोटे भाई की हत्या करने का आरोप लगा है। मृतक की पहचान नुरुल इस्लाम (36) के रूप में हुई है। घटना मंगलवार रात की है। घटना के बाद से आरोपित भाईहफजुर रहमान फरार है।
परिजनों के अनुसार, कपड़े सुखाने को लेकर नुरुल की पत्नी और उनके बड़े भाई हफजुर रहमान की पत्नी के बीच कहासुनी शुरू हुई थी। विवाद बढ़ने पर दोनों भाई बीच-बचाव के लिए आगे आए। आरोप है कि इसी दौरान कहासुनी तेज हो गई और गुस्से में बड़े भाई हफजुर रहमान ने बांस और लोहे की रॉड से नुरुल पर हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से नुरुल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर हरिश्चंद्रपुर थाने की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वारदात के बाद से आरोपित बड़ा भाई फरार बताया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपित की तलाश में छापेमारी की जा रही है। मामूली विवाद में भाई की हत्या की घटना से इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।
