पश्चिमी सिंहभूम, 06 सितंबर । जिले के बंदगांव थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक युवक की हत्या से सनसनी फैल गई। बंदगांव-कोचांग मुख्य मार्ग पर करकट्टा घाटी के समीप सड़क किनारे युवक का शव बरामद किया गया।
मृतक के गले में सब्बल फंसा मिला, जबकि शरीर पर भी हमले के निशान पाए गए हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
बताया गया कि रविवार तड़के सुबह ग्रामीणों ने करकट्टा घाटी के पास सड़क किनारे एक युवक का शव देखा। शव की स्थिति देखकर ग्रामीणों ने तत्काल सवनिया पंचायत के मुखिया करम सिंह मुंडरी को इसकी सूचना दी। मुखिया ने मामले की जानकारी बंदगांव थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बंदगांव थाना की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों और बंदगांव-कोचांग मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों से पूछताछ कर मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया। पूछताछ के दौरान पता चला कि मृतक सवनिया पंचायत के अंगरिया गांव निवासी युवक है। इसके बाद पुलिस और मुखिया करम सिंह मुंडरी अंगरिया गांव पहुंचे। वहां मृतक के परिजनों और ग्रामीणों को घटनास्थल पर बुलाया गया, जहां उन्होंने शव की पहचान की।
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल के आसपास से मृतक की बाइक और कुछ अन्य सामान भी बरामद किया गया है।
प्रारंभिक परिस्थितियों को देखते हुए युवक की हत्या किए जाने की आशंका है। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने सब्बल से युवक पर हमला किया और वारदात के बाद हथियार उसके गले में ही छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हालांकि युवक की हत्या किस वजह से की गई, वारदात में कितने लोग शामिल थे और हत्या से पहले या बाद में मृतक किन लोगों के संपर्क में था, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
बंदगांव थाना पुलिस अब घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य सामान के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है।
पुलिस मृतक के परिचितों, उसके हाल के संपर्कों और घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। अज्ञात हत्यारों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।
