75 के होंगे निशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन
कोलकाता, 6 सितंबर। मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी कोलकाता की ओर से रविवार को तीन स्थानों पर निशुल्क नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया गया।
एक शिविर सिंगूर में भारत सेवा संघ के सहयोग से, एक देवगंगा बाजार में नव दिशा वेलफेयर ट्रस्ट के सहयोग से तथा एक अन्य शिविर दक्षिणेश्वर में उत्तरायण संघ के सहयोग से लगाया गया।
तीनों शिविरों में करीब 870 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई। शिविर में आए सभी मरीजों की ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, ईसीजी आदि जांचें निशुल्क की गई। आवश्यकतानुसार दवाइयां निशुल्क दी गईं।

नेत्र परीक्षण के दौरान 210 मरीजों को चश्मे की आवश्यकता पाई गई,75 मरीजों में मोतियाबिंद के लक्षण मिले। मोतियाबिंद मरीजों के ऑपरेशन आगामी दिनों में मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्पताल कोलकाता में निशुल्क किए जाएंगे।
कैंप कोऑर्डिनेटर अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी कोलकाता के मानद प्रधान सचिव प्रहलाद रॉय गोयनका की प्रेरणा से आयोजित इन शिविरों को सफल बनाने में डॉक्टर दिनेश सिंह, डॉक्टर मलय दास, डॉक्टर सुकांतो राय, डॉक्टर कबीर अहमद और डॉक्टर शमीमा खातून का योगदान सराहनीय रहा।
अजय दिवाकर ने बताया कि जरूरतमंद लोगों को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सोसायटी की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे निशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर पूरे साल आयोजित किए जाते हैं।
मेडिक्लेम बीमा धारकों के इलाज की सुविधा उपलब्ध
अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी में मेडिक्लेम बीमा धारकों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध है। सोसायटी के अस्पताल में आम नागरिकों को न्यूनतम शुल्क पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। यहां जनरल वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों से बैड का एक दिन का किराया मात्र 50 रुपए लिया जाता है।
अस्पताल में मौजूद होम्योपैथिक चिकित्सक मात्र 20 रुपए में परामर्श देते हैं और दवा नि:शुल्क देते हैं। यहां चिकित्सक से परामर्श मात्र 120 रुपए में लिया जा सकता है। परामर्श के साथ दवाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती है। अस्पताल में जेनेरिक दवाएं 60 प्रतिशत डिस्काउंट पर दी जाती हैं।
नि:शुल्क सर्वाइकल वैक्सीन
सोसायटी ने सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए 9 से 45 साल तक की महिलाओं को सर्वाइकल वैक्सीन नि:शुल्क देने का अभियान शुरू किया है।
