नदिया, 30 अगस्त । नदिया जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने सोने की तस्करी की एक बड़ी कोशिश को नाकाम करते हुए 15 किलो 607 ग्राम सोना बरामद किया है। मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है।
रविवार को मिली जानकारी के अनुसार, 32वीं बटालियन के जवानों ने मिली सूचना के आधार पर बानीपुर सीमा क्षेत्र में अभियान चलाया। संदिग्ध गतिविधियां देख जवानों ने एक महिला को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से कुल 15 किलो 607 ग्राम सोना बरामद हुआ। बीएसएफ के मुताबिक, बरामद सोने की अनुमानित बाजार कीमत 24 करोड़ 95 लाख 56 हजार रुपये है।
महिला को हिरासत में लेकर बीएसएफ अधिकारियों ने पूछताछ शुरू कर दी है।
सीमा क्षेत्र में तस्करी पर रोक लगाने के लिए बीएसएफ ने निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। इतनी बड़ी मात्रा में सोना बरामद होने के बाद जांच एजेंसियों को किसी बड़े तस्करी गिरोह के सक्रिय होने का भी संदेह है। मामले की जांच जारी है।
