l

कोलकाता, 19 अक्टूबर । तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेता और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के करीबी माने जाने वाले कुणाल घोष को सोमवार (महाअष्टमी) दोपहर एक बजे नारकेलडांगा थाने में तलब किया गया है। कुणाल के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से एक नई एफआईआर दर्ज कराई गई है, जिसके आधार पर उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया गया है। कुणाल घोष के करीबी सूत्रों ने इस बात की पुष्टि की है कि वे पुलिस के समन का पालन करते हुए निर्धारित समय पर थाने में पेश होंगे।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह समन बेलेघाटा से विधायक कुणाल घोष पर हुए हालिया हमलों के मामले में भाजपा द्वारा दर्ज कराई गई एक जवाबी शिकायत (काउंटर एफआईआर) का परिणाम है। गौरतलब है कि, कुछ समय पहले कुणाल पर दो अलग-अलग हमले हुए थे। पहली घटना तब हुई थी, जब वे हुगली के उत्तरपाड़ा में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की एक सभा में शामिल होने जा रहे थे। उस दौरान उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की गई थी और शीशे तोड़ दिए गए थे। इस घटना के ठीक अगले दिन, उनके अपने क्षेत्र बेलेघाटा में एक कार्यक्रम में जाते समय उन पर दोबारा हमला किया गया था।

घोष की ओर से दर्ज कराई गई मूल शिकायत के अनुसार, बेलेघाटा में उनके घर से कुछ ही दूरी पर बाइक सवार हमलावरों के एक समूह ने उनका पीछा किया था। आरोप है कि हमलावरों ने बंदूक और हथौड़े से उनकी कार पर जानलेवा हमला किया और जमकर तोड़फोड़ की। इस घटना के तुरंत बाद कुणाल घोष ने पुलिस थाने पहुंचकर भाजपा पर इन हमलों की साजिश रचने का सीधा आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। अब इसी मामले में भाजपा ने कुणाल घोष के खिलाफ थाने में जवाबी शिकायत दी है, जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आज उन्हें तलब किया है।-