पश्चिम बर्दवान, 30 अगस्त । कुल्टी थाना अंतर्गत चौरंगी चौकी इलाके में रविवार सुबह नेशनल हाईवे-19 की आसनसोल जाने वाली सर्विस रोड पर दो लॉरियों की भयावह टक्कर हो गई। इस घटना में दो लोग घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुवाहाटी से आसनसोल की ओर जा रही केले से लदी एक तेज रफ्तार लॉरी अचानक अनियंत्रित हो गई और सर्विस रोड पर खड़ी एक अन्य लॉरी के पीछे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि केले से लदी लॉरी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक व खलासी केबिन में फंस गए।
सूचना पाकर चौरंगी चौकी की पुलिस और नेशनल हाईवे की विशेष पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से गैस कटर आदि का इस्तेमाल कर काफी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को बाहर निकालकर आसनसोल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
वहीं, पीछे से टक्कर लगने के कारण आगे खड़ी लॉरी भी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। उसके चालक को मामूली चोटें आई हैं और उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए सर्विस रोड पर यातायात बाधित रहा। बाद में भारी क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त लॉरियों को हटाकर यातायात सामान्य किया गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
