onkar

कोलकाता, 06 अगस्त। पश्चिम बंगाल में बुधवार को अधिकांश जिलों में बादल छाए रहने, हल्की से मध्यम वर्षा तथा कई स्थानों पर मेघगर्जन के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण बंगाल और उत्तर बंगाल के अधिकांश हिस्सों में वातावरण नम बना रहेगा। कहीं-कहीं तेज वर्षा भी हो सकती है।

राजधानी कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, बांकुड़ा, पुरुलिया, पूर्व और पश्चिम बर्दवान, बीरभूम, नदिया, मुर्शिदाबाद, मालदा तथा उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर में दिनभर बादल छाए रहने के साथ रुक-रुककर वर्षा होने की संभावना है। कई स्थानों पर मेघगर्जन और बिजली चमकने की भी आशंका है।

वहीं, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, कूचबिहार, दार्जिलिंग और कालिम्पोंग सहित उत्तर बंगाल के पर्वतीय तथा तराई क्षेत्रों में मध्यम से तेज वर्षा का दौर जारी रह सकता है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

राज्य में अधिकतम तापमान 29 से 32 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान लगभग 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आर्द्रता 85 से 90 प्रतिशत के बीच रहने से उमस बनी रह सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से मेघगर्जन के दौरान खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।