onkar

ओंकार समाचार

गिरिडीह, 21मई। गरीबों के हक पर डाका डालने का एक बड़ा मामला धनवार प्रखंड के डोरंडा पंचायत स्थित लहरियाटांड में सामने आया है। बुधवार देर रात करीब 10:30 बजे ग्रामीणों ने एक संदिग्ध टेम्पो को पकड़कर राशन कालाबाज़ारी के खेल का पर्दाफाश कर दिया। टेम्पो में जन वितरण प्रणाली  का अनाज लदा हुआ था, जिसे चोरी-छिपे खपाने की तैयारी चल रही थी।

ग्रामीणों का आरोप है कि यह अनाज डीलर नूर मोहम्मद गौसिया समूह से जुड़ा हुआ है । गरीबों के हिस्से का यह राशन रात के अंधेरे में बाजार में बेचने की कोशिश की जा रही थी। जैसे ही ग्रामीणों को शक हुआ, उन्होंने टेम्पो को रोक लिया और चालक से दस्तावेज मांगे। लेकिन गाड़ी में लदे सरकारी राशन से संबंधित कोई वैध कागजात, चालान या अनुमति पत्र नहीं मिला। इसके बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और मौके पर जमकर हंगामा हुआ।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से राशन की कालाबाज़ारी का खेल चल रहा है। गरीबों को पूरा अनाज नहीं दिया जाता, जबकि बचा हुआ राशन चोरी-छिपे बाजार में बेचा जाता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रशासन की ढिलाई के कारण ऐसे माफियाओं के हौसले बुलंद हैं।

पुलिस पहुंची, टेम्पो जब्त

मामले की सूचना मिलते ही घोड़थम्बा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची। ओपी के “छोटा बाबू” ने हालात को संभालते हुए अनाज लदे टेम्पो को जब्त कर थाने ले गए। पुलिस अब मामले की जांच में जुट गई है।

घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने ब्लॉक आपूर्ति विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि अगर गरीबों का राशन बेचने वालों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन किया जाएगा।