sili

सिलीगुड़ी, 18 अगस्त । सिलीगुड़ी के दक्षिण एकटियाशाल बाजार से सटे इलाके में मंगलवार सड़क के एक हिस्से पर कथित कब्जे को लेकर तनाव की स्थिति पैदा हो गई। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि निर्माणाधीन बहुमंजिली इमारत के मालिक द्वारा सड़क के एक हिस्से पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। विरोध में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी प्रदर्शन करने लगे। सूचना पाकर आशीघर चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और निर्माण कार्य बंद करा दिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ वर्ष पहले संतोष गुप्ता नामक व्यक्ति ने संबंधित जमीन खरीदा था। बाद में वहां बहुमंजिली इमारत का निर्माण शुरू किया गया। हालांकि, उनका दावा है कि जमीन खरीदे जाने से पहले से ही करीब आठ फीट चौड़ी सड़क का इस्तेमाल स्थानीय लोग लंबे समय से करते आ रहे हैं। अब बहुमंजिली इमारत के मालिक सड़क के कुछ हिस्से को अपनी निजी जमीन का हिस्सा बता रहे हैं। मंगलवार सुबह कथित तौर पर सड़क की खुदाई कर उस हिस्से पर कब्जे की कोशिश शुरू होने के बाद विवाद बढ़ गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सड़क का हिस्सा बंद कर दिया गया, तो इलाके में आवागमन बुरी तरह प्रभावित होगा। यहां तक कि आपात स्थिति में गंभीर परेशानी हो सकती है। स्थानीय लोगों ने बहुमंजिली इमारत के नक्शे की मंजूरी को लेकर भी सवाल उठाए है।

वहीं, निर्माणाधीन बहुमंजिली इमारत के मालिक संतोष गुप्ता ने आरोपों को अलग तरीके से पेश करते हुए कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में उनकी जमीन से जबरन करीब तीन फीट हिस्सा लेकर सड़क बनाई गई थी। उनका कहना है कि उस समय वे इसका विरोध नहीं कर सके थे। उन्होंने बताया कि मामला फिलहाल अदालत में विचाराधीन है और सभी दस्तावेजों के आधार पर कानूनी फैसला ही अंतिम होगा। फिलहाल प्रशासन ने निर्माण कार्य बंद रखने का निर्देश दिया है। जमीन और सड़क से जुड़े सभी दस्तावेजों की जांच के बाद आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।