fd

उत्तर दिनाजपुर, 15 फ़रवरी । जिले के चोपड़ा में राज्य सरकार की नई योजना युवासाथी के शुभारंभ के पहले ही दिन अव्यवस्था देखने को मिली। बेरोजगारी भत्ता पाने के लिए नाम पंजीकरण कराने पहुंचे आवेदकों की लंबी कतार में खड़े युवकों के बीच मामूली विवाद अचानक मारपीट में बदल गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

रविवार दोपहर चोपड़ा बीडीओ कार्यालय परिसर में स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई, जब लाइन में खड़े दो युवकों के बीच कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते हाथापाई होने लगी। इस घटना में दो युवक घायल हो गए। मारपीट की खबर फैलते ही कतार में खड़े कई युवक-युवतियां डर के मारे लाइन छोड़कर घर लौट गए।

सूचना पाकर पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने झगड़े में शामिल युवकों को लाइन से हटाने की कोशिश की, लेकिन इससे कुछ देर के लिए स्थिति और बिगड़ गई। हंगामे के कारण युवसाथी योजना के तहत फॉर्म लेने और नाम पंजीकरण की प्रक्रिया अस्थायी रूप से रोकनी पड़ी।

हालांकि, पुलिस और ब्लॉक प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से हालात पर काबू पा लिया गया। बाद में पंजीकरण की प्रक्रिया फिर से शुरू हुई, लेकिन पहले के मुकाबले भीड़ काफी कम नजर आई।

चोपड़ा के बीडीओ सौरभ माझी ने स्पष्ट किया कि इस घटना का युवासाथी योजना के पंजीकरण से कोई सीधा संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि यह दो व्यक्तियों का आपसी विवाद था, जिसे बढ़ा-चढ़ाकर देखा जा रहा है।

इस्लामपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डेंडुप शेरपा ने बताया कि मारपीट को लेकर किसी ने लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है। उन्होंने कहा कि मामूली विवाद हुआ था। पुलिस के पहुंचने पर स्थिति सामान्य हो गई।

घटना के बाद प्रशासन सतर्क है और युवसाथी योजना के तहत पंजीकरण कार्य सुचारु रूप से जारी रखने के लिए अतिरिक्त निगरानी की जा रही है।