murder12

ओंकार समाचार

गिरिडीह, 3 जून ।  मधुबन थाना क्षेत्र के दलान चलकरी गांव में मंगलवार देर रात एक दंपती पर अज्ञात अपराधियों ने जानलेवा हमला कर दिया। घटना में पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पत्नी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 45 वर्षीय पतिया हांसदा और उनकी 35 वर्षीय पत्नी परनी मरांडी के रूप में हुई है। दोनों अपने घर में सो रहे थे, तभी देर रात करीब 12:30 बजे अज्ञात हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतक के रिश्तेदार अनिल हेमराम ने बताया कि घर से रोने-चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वहां पतिया हांसदा और उनकी पत्नी लहूलुहान अवस्था में पड़े मिले। पतिया की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि परनी मरांडी गंभीर रूप से घायल थीं। गांव तक सड़क नहीं होने के कारण एंबुलेंस घर तक नहीं पहुंच सकी। ग्रामीणों ने घायल महिला को करीब 700 मीटर तक खाट पर उठाकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया, जहां से एंबुलेंस द्वारा उन्हें सदर अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर किया गया, लेकिन वहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही डुमरी एसडीपीओ आबिद खान एवं मधुबन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक पतिया हांसदा मधुबन क्षेत्र में डोलिया मजदूर के रूप में कार्य करते थे। हत्या के पीछे के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है।