शव बरामद

धनबाद, 20 जून । धनबाद जिले के बरोरा थाना क्षेत्र के जंगल से पुलिस ने शनिवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव  बरामद किया है।  शताब्दी परियोजना से चिटाही जाने वाले मार्ग के समीप जंगल में शव पड़े होने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बरोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि मृतक के चेहरे पर गंभीर चोट के निशान हैं। बताया जा रहा है कि चेहरे को पत्थर से वार कर खराब कर दिया गया है। इस वजह से मृतक की पहचान करने में परेशानी हो रही है। पुलिस को आशंका है कि किसी ने हत्या करने के बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से चेहरे को क्षतिग्रस्त कर शव को जंगल में फेंक दिया होगा।

फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के इलाकों में जानकारी जुटा रही है और शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।

बरोरा थाना प्रभारी साधन कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि जंगल के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। पुलिस मौके पर पहुंची तो शव सड़क किनारे मिला। प्रथम दृष्टया चेहरे पर पत्थर से चोट के निशान दिखाई दे रहे हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई कर रही है।