चाईबासा, 26 जुलाई । पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के डेबरासाही गांव में शनिवार को आकाशीय बिजली गिरने से दो महिलाओं की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 20 वर्षीय दशमाती हेंब्रम और 35 वर्षीय सुकुरमनी हेंब्रम के रूप में हुई है।
बताया गया कि शनिवार दोपहर दोनों महिलाएं अपने घर के बरामदे में बैठी बातचीत कर रही थीं। इसी दौरान मौसम ने अचानक करवट ली और तेज बारिश के साथ गरज-चमक शुरू हो गई। कुछ ही देर बाद जोरदार आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिरी,जिसकी चपेट में आने से दोनों महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं।
हादसे के बाद परिजन और ग्रामीण तत्काल दोनों को इलाज के लिए चंपुआ अनुमंडल अस्पताल ले गए। वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों का कहना था कि वज्रपात का असर इतना गंभीर था कि दोनों महिलाओं की मौत घटनास्थल पर ही हो चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही जगन्नाथपुर थाना प्रभारी टिंकू दास पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
