koyla

आसनसोल, 15 मई । दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट (एडीपीसी) अंतर्गत जामुड़िया से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां कोयला कारोबारियों और डीओ कोयला लदे वाहनों के चालकों से हथियार के बल पर रंगदारी वसूलने के आरोप में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मुन्ना सिंह (32) और विजय सिंह (38) के रूप में हुई है। दोनों अंडाल थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। शुक्रवार को दोनों को आसनसोल अदालत में पेश किया गया, जहां उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी गई और अदालत ने उन्हें छह दिनों की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया।

यह कार्रवाई आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की टीम द्वारा की गई। पुलिस ने आरोपितों के पास से एक पिस्तौल, 50 राउंड कारतूस, 84 हजार रुपये नकद और एक चारपहिया वाहन बरामद किया गया है।

बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से पुलिस को लगातार शिकायत मिल रही थी कि देर रात कुछ बदमाश ईसीएल के वैध कोयला डिपो और डीओ कोयला लदे वाहनों के चालकों को हथियार दिखाकर डराते हैं और उनसे मोटी रकम वसूलते हैं। इन शिकायतों के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की।

मिली सूचना के आधार पर जामुड़िया थाना अंतर्गत केंदा चौकी की पुलिस ने गुरुवार देर रात विशेष अभियान चलाया। इस दौरान दोनों आरोपितों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में एक बड़े गिरोह के शामिल होने की आशंका है। आरोपितों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस रैकेट का मुख्य सरगना कौन है और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं।